धार किला और अमझेरा महल संवरेंगे
जिला प्रशासन के प्रयास के बाद जिले के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महाराणा बख्तावर सिंह के अमझेरा स्थित महल की दशा बदलेगी। साथ ही धार का ऐतिहासिक किला पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
धार (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिला प्रशासन के प्रयास के बाद जिले के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महाराणा बख्तावर सिंह के अमझेरा स्थित महल की दशा बदलेगी। साथ ही धार का ऐतिहासिक किला पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। अमझेरा के किले के लिए करीब 10 करोड़ रुपए खर्च किया जाना प्रस्तावित है। वहीं धार के किले के लिए 20 करोड़ रुपए खर्च करना प्रस्तावित है। आगामी 30 दिनों में इसके लिए डीपीआर यानी विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाएगी। इसको लेकर प्रयास शुरू हो गए हैं।
बता दें कि अब तक पुरातत्व विभाग के कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं हो पाती थी। हाल ही में 15वें वित्त आयोग से केंद्र सरकार ने प्रदेश सरकार को स्मारकों, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और विकास कार्य के लिए करीब 110 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। संग्रहालयों की देखरेख और उनके निर्माण आदि के लिए करीब 70 करोड़ की राशि मिली है। पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय भोपाल के आयुक्त ने पत्र जारी करके सभी संबंधितों को विस्तृत कार्य योजना बनाने के लिए कहा है। इसके लिए 30 दिन की अवधि दी गई है। यानी अप्रैल के प्रथम सप्ताह तक यह विस्तृत कार्य योजना बना ली जाएगी। स्मारकों में विशेष रुप से ऑडियो विजुअल प्रदर्शन के लिए इंटरप्रिटेशन सेंटर बनाने की कवायद की जाएगी। इसमें 20 से 25 दर्शक एलईडी टीवी से सामने बैठकर जानकारी देख सकेंगे। साथ ही इन धरोहरों का दस्तावेजीकरण भी होगा।
ऐतिहासिक धार के किले के लिए यह प्रस्ताव
पहली बार ऐसा होने जा रहा है, जबकि धार के किले के लिए करीब 20 करोड़ रुपए मंजूर होने जा रहे हैं। इस कार्य के लिए विस्तृत कार्य योजना बनाई जाएगी। किले का प्लास्टर उखड़ चुका है। नई डीपीआर में प्लास्टर का प्रावधान किया जाएगा। साथ ही पानी आपूर्ति की व्यवस्था को ठीक किया जाएगा। जगह-जगह फर्श और जो प्लिंथ खराब हो चुकी है। उसका भी निर्माण किया जाएगा। साथ ही यहां पर विद्युतीकरण किया जाएगा। इतना ही नहीं धार के किले में बगीचे का भी निर्माण किया जाएगा। जिससे यह महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्र बन सकेगा। इसके अलावा यहां पर पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर विशेष कार्य होगा। इसमें कैफेटेरिया से लेकर अन्य कई विकास कार्य होंगे। पुरातत्व की महत्वपूर्ण धरोहर खरबूजा महल, शीश महल है, उनका संरक्षण भी किया जाएगा। धार किले के जो चार प्रमुख दरवाजे हैं, उनके संरक्षण का भी काम होना है। साथ ही पेयजल व्यवस्था आदि को लेकर भी बड़े स्तर पर काम होगा।
राणा बख्तावर सिंह की गढ़ी का होगा सुधार
महाराणा बख्तावर सिंह की गढ़ी यानी किले की भी दशा बदली जाएगी। अमझेरा स्थित किले की सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी। भवन का डाक्यूमेंटेशन किया जाएगा। किले के भवन में नुकसान हुआ है, उसके संरक्षण का विशेष रूप से काम होगा। साथ ही विद्युतीकरण से लेकर यहां पर भी बगीचे के विकास होगा। पानी आदि बुनियादी कार्यों पर विशेष रूप से फोकस होगा। इस कार्य के लिए करीब 10 करोड़ रुपए की राशि रखी जा रही है।
एक्सपर्ट से साथ होगी चर्चा
कलेक्टर आलोक कुमार सिंह ने बताया कि हमने इस दिशा में तैयारियां शुरू कर दी हैं। जल्द ही विशेषज्ञों की टीम को बुला कर प्रस्ताव तैयार करवाए जाएंगे। धार का ऐतिहासिक किला और अमझेरा में महाराणा बख्तावर सिंह की धरोहर को संरक्षित करने के लिए महत्वपूर्ण समय आया है। निश्चित रूप से दो ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण से यहां के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही इस कार्य के माध्यम से हमारी धरोहरों को आने वाली पीढ़ी बरसों बरस तक देख सकेगी।
- Live
- Previous
- Upcoming